धनबाद। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से सदर अस्पताल परिसर स्थित एमटीसी भवन में परिवार कल्याण मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्षा शारदा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छोटे परिवार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्षा शारदा सिंह ने कहा कि परिवार कल्याण मेला का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सहिया कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की कमी और कम उम्र में विवाह जैसे कारण परिवार नियोजन की राह में चुनौती बनते हैं। हालांकि अब महिलाओं की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है, लेकिन पुरुषों की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने दंपतियों से दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने की अपील की।
परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर जोर
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त परिवार ही विकसित समाज की नींव होते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, परिवार की आर्थिक मजबूती और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में धनबाद जिले में 82 पुरुषों ने नसबंदी कराई, जबकि 4,825 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक की गई। उन्होंने कहा कि पुरुषों में नसबंदी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है और परिवार नियोजन को पति-पत्नी दोनों की साझा जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
10 अगस्त तक चलेगा परिवार कल्याण मेला
सिविल सर्जन ने बताया कि परिवार कल्याण मेला 10 अगस्त तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दंपतियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित और उपलब्ध विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।
नुक्कड़ नाटक और सम्मान समारोह का भी हुआ आयोजन
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का संदेश दिया गया। साथ ही परिवार नियोजन के विभिन्न तरीकों की जानकारी साझा की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों (MOIC) और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा परिवार नियोजन से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों, सहिया, एएनएम तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।

