DCA की प्रबंध समिति ने विशेष आम सभा बुलाने के प्रस्ताव को किया ख़ारिज.. सदस्यों के फर्ज़ी हस्ताक्षर से पत्र भेजने का आरोप…

DCA की प्रबंध समिति ने विशेष आम सभा बुलाने के प्रस्ताव को किया ख़ारिज.. सदस्यों के फर्ज़ी हस्ताक्षर से पत्र भेजने का आरोप…

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति की बैठक में क्रिकेट के विकास, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और संगठनात्मक मामलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला समिति के गठन के साथ-साथ विशेष आम सभा बुलाने की मांग से जुड़े पत्र पर भी निर्णय लिया गया।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बनी नई समिति

प्रबंध समिति ने धनबाद में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने और महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए महिला समिति का गठन किया। समिति की अध्यक्ष डीपीएस की प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा को बनाया गया।

समिति में पूनम शर्मा, आशनी सिंह, डॉ. नीतू सहाय, सोनाली सिंह, सुप्रिया कुमारी, कल्याणी सिन्हा, डॉ. रीना बर्णवाल और बिंदु सिंह को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।

विशेष आम सभा की मांग वाला पत्र किया गया अस्वीकार

संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अवधेश कुमार सिंह की ओर से विशेष आम सभा बुलाने के लिए भेजे गए पत्र पर प्रबंध समिति ने विचार किया। समिति के अनुसार, जांच में पत्र पर कई हस्ताक्षरों की वैधता पर सवाल सामने आए।

अध्यक्ष ने बताया कि अवधेश कुमार सिंह ने स्वयं ईमेल के माध्यम से स्वीकार किया था कि पत्र में कुछ हस्ताक्षर वैध नहीं थे। इसके बाद हस्ताक्षरों की जांच के लिए धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार झा को अधिकृत किया गया।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, कई हस्ताक्षरों को संबंधित सदस्यों ने फर्जी बताया। कुछ हस्ताक्षर ऐसे लोगों के थे जो अधिकृत प्रतिनिधि नहीं थे और एक हस्ताक्षर ऐसे सदस्य का पाया गया जो लंबे समय से विदेश में हैं। समिति के अनुसार, कुल लगभग 65 प्रतिशत हस्ताक्षरों में अनियमितता पाई गई। इसी आधार पर विशेष आम सभा बुलाने की मांग अस्वीकार कर दी गई।

कार्यकारिणी में भी हुए बदलाव

बैठक में कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिंह और दिवेन तिवारी के आचरण एवं संगठनात्मक गतिविधियों में असहयोग पर भी चर्चा हुई। प्रबंध समिति ने निर्णय लिया कि उनके स्थान पर अशोक सराफ और शिव शक्ति को तत्काल प्रभाव से कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया जाए।

इसके अलावा अभिषेक सिंह को भी सर्वसम्मति से कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *