धनबाद। धनबाद जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और धनबाद जिला कांग्रेस प्रभारी शकील अख्तर अंसारी तथा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर कई सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे में पारदर्शिता और झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि जनता की आस्था और राज्य के संवैधानिक अधिकारों से जुड़े सवाल पूछना किसी भी स्थिति में अपराध नहीं है।
राम मंदिर चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
शकील अख्तर अंसारी ने कहा कि देशभर के करोड़ों लोगों ने भगवान राम के नाम पर अपनी मेहनत की कमाई से योगदान दिया है। गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों ने भी अपनी श्रद्धा के अनुसार चंदा दिया।
उन्होंने कहा कि इस राशि के इस्तेमाल का हिसाब मांगना किसी की धार्मिक आस्था का अपमान नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि राम मंदिर से जुड़े चंदे और वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर पूरी जानकारी जनता के सामने रखी जाए।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चंदे से जुड़े सभी लेन-देन पारदर्शी हैं, तो स्वतंत्र जांच से परेशानी क्यों होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आस्था के नाम पर पारदर्शिता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
झारखंड के खनिज अधिकार पर केंद्र से सवाल
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड ने देश के औद्योगिक विकास के लिए बड़ी कीमत चुकाई है। राज्य की जमीन से कोयला, लौह अयस्क और अन्य खनिज निकाले जाते हैं, लेकिन विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान का सामना स्थानीय लोगों को करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार MMDR Amendment Act, 2026 के माध्यम से राज्यों की वित्तीय और खनिज संबंधी शक्तियों पर नियंत्रण बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
संतोष कुमार सिंह ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि क्या झारखंड केवल खनिज निकालकर दूसरे राज्यों को देने वाला राज्य है। उन्होंने पूछा कि क्या झारखंड की जनता को अपनी जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्णय लेने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक कानून का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक स्वायत्तता और संघीय ढांचे की रक्षा से जुड़ा सवाल है।
26 सितंबर को रांची रैली में शामिल होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
संतोष कुमार सिंह ने घोषणा की कि कांग्रेस कार्यकर्ता 26 सितंबर को बड़ी संख्या में रांची जाएंगे। उन्होंने बताया कि धनबाद से कार्यकर्ता सुबह पुटकी प्रभु चौक से वाहनों के माध्यम से रांची के लिए रवाना होंगे।
इसके अलावा, 6 से 9 अक्टूबर तक सभी प्रखंड और नगर कांग्रेस कमेटियों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और संगठनात्मक चर्चा के लिए 23 सितंबर को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक भी बुलाई गई है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड की धरती से खनिज निकालना आसान हो सकता है, लेकिन राज्य के अधिकारों को सीमित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने कहा कि वह राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता और झारखंड के खनिज अधिकारों के मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाएगी। नेताओं ने केंद्र सरकार से जनता के सवालों का जवाब देने की मांग की।
प्रेस वार्ता में मनोज कुमार, अवध नारायण प्रसाद, जहीर अंसारी, आशिफ रजा, महेंद्र दुबे, सावन सुमन और मधुसूदन चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

