धनबाद: विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में ज़ूम एप के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन बैठक में संगठन के सभी प्रखंड, नगर अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों को प्रत्येक पात्र मतदाता का एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रत्येक पात्र मतदाता का फॉर्म भरवाने पर जोर
बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब संगठन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपना अलग-अलग एन्यूमरेशन फॉर्म भरे, ताकि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटने की संभावना न रहे।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता के लिए अलग फॉर्म भरना अनिवार्य है, भले ही उसके विवरण में कोई बदलाव न हुआ हो। यदि किसी परिवार में पांच मतदाता हैं तो सभी को अलग-अलग फॉर्म भरना होगा।
बीएलए-2 और बीएलओ के समन्वय से चलेगा अभियान
जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा नियुक्त सभी बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करें और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि फॉर्म संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के माध्यम से जमा किया जा सकता है या ऑनलाइन भी भरा जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जानकारी के अभाव, तकनीकी कठिनाई या लापरवाही के कारण कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
30 जून को बूथों पर सक्रिय रहने के निर्देश
बैठक में सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों तथा विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलए-2 और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें। साथ ही 30 जून को सभी बीएलए-2 अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर अधिक से अधिक मतदाताओं का एन्यूमरेशन फॉर्म समयबद्ध तरीके से भरवाना सुनिश्चित करें।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
ऑनलाइन बैठक में मनोज कुमार यादव, कालीचरण यादव, शाहिद कमर, महेंद्र कुमार दुबे, अवध नारायण प्रसाद, मृत्युंजय सिंह, गंगा बाल्मीकि, नवीन पासवान, मनोज कुमार हाड़ी, योगेश रजक, डॉ. संतोष कुमार राय, शशी भूषण नाथ तिवारी, शशी तिवारी, काजल धीवर, संतोष ठाकुर, बलराम महतो, रणजीत पांडेय, श्याम कुमार साव, भगवान दास, रासबिहारी यादव, जावीर अंसारी तथा जिला कांग्रेस कार्यालय प्रभारी मधुसूदन सिंह चौधरी सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।

