धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र स्थित सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में धनबाद और बोकारो जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक विषयों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं ओवरऑल डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में धनबाद जिला विजेता और बोकारो जिला उपविजेता रहा।
पुलिस की तकनीकी और अनुसंधान दक्षता की हुई परीक्षा
समापन समारोह में बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एडिशनल एसपी चास वेदांत शंकर समेत धनबाद और बोकारो के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमता और तकनीकी दक्षता को लगातार बेहतर बनाना है।
उन्होंने कहा कि बदलते अपराध के स्वरूप से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों का आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों में दक्ष होना जरूरी है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
एफएसएल से लेकर क्राइम इन्वेस्टिगेशन तक हुई प्रतियोगिता
तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में पुलिस निरीक्षक से लेकर सिपाही स्तर तक के पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विधि विज्ञान यानी एफएसएल, मेडिको-लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ, रूल्स एंड कोर्ट जजमेंट, फिंगर प्रिंट, लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग, ऑब्जर्वेशन, पुलिस पोर्ट्रेट और कंप्यूटर अवेयरनेस जैसे विषयों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं।
इसके अलावा पुलिस फोटोग्राफी, डॉग स्क्वायड, एंटी-सबोटाज चेक तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से जुड़े प्रायोगिक परीक्षण भी हुए।
फोरेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा में शैलेन्द्र पासवान प्रथम, कांति विलास अविनाश द्वितीय और सचिन रौशन तृतीय रहे। मेडिको-लीगल की मौखिक परीक्षा में असित कुमार सिंह ने पहला, मंजीत कुमार ने दूसरा और मनोज कुमार पाण्डेय ने तीसरा स्थान हासिल किया।
लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग में सचिन रौशन प्रथम, जय प्रकाश द्वितीय और शैलेन्द्र पासवान तृतीय रहे। क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ, रूल्स एंड कोर्ट जजमेंट में मंजीत कुमार प्रथम रहे।
फिंगर प्रिंट और फोटोग्राफी में भी पुलिसकर्मियों ने दिखाया कौशल
फिंगर प्रिंट प्रतियोगिता में शैलेन्द्र पासवान प्रथम, मंजीत कुमार द्वितीय तथा सचिन रौशन और असित कुमार सिंह संयुक्त रूप से तृतीय रहे। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में शैलेन्द्र पासवान प्रथम, असित कुमार सिंह द्वितीय तथा मंजीत कुमार और कांति विलास अविनाश संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
ऑब्जर्वेशन टेस्ट में नील कमल लकड़ा प्रथम, रंजन कुमार राम द्वितीय तथा नौशाद अली और अमर कुमार यादव संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। पुलिस पोर्ट्रेट में नील कमल लकड़ा प्रथम, नौशाद अली द्वितीय और अमर कुमार यादव तृतीय रहे।
कंप्यूटर अवेयरनेस प्रतियोगिता में मनोहर कुमार गोराई प्रथम, ओम प्रकाश कुमार राम द्वितीय और जितेश कुमार तृतीय रहे। पुलिस फोटोग्राफी में राजू गोप तथा डॉग स्क्वायड प्रतियोगिता में जॉनशन कुमार को सम्मानित किया गया।
शैलेन्द्र पासवान बने ओवरऑल इंडिविजुअल चैंपियन
ओवरऑल इंडिविजुअल चैंपियनशिप में शैलेन्द्र पासवान विजेता और मंजीत कुमार उपविजेता घोषित किए गए। वहीं ओवरऑल डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप का खिताब धनबाद ने अपने नाम किया, जबकि बोकारो उपविजेता रहा।
समापन समारोह के दौरान राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए कोयला क्षेत्र की टीम का गठन भी किया गया। इसमें मंजीत कुमार, शैलेन्द्र पासवान, सचिन रौशन, नील कमल लकड़ा, रंजन कुमार राम, असित कुमार सिंह, कांति विलास अविनाश, सरोज कुमार, नौशाद अली, मोहम्मद आलम अंसारी, जितेश कुमार, मनोहर कुमार गोराई, ओम प्रकाश कुमार राम और राजू गोप शामिल हैं।
विशेषज्ञ टीम ने किया प्रतियोगिता का मूल्यांकन
प्रतियोगिता के सफल संचालन और मूल्यांकन के लिए रांची से सीआईडी, एटीएस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की विशेषज्ञ टीम धनबाद पहुंची थी। समापन समारोह में विशेषज्ञ टीम के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर धनबाद जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, कई थाना प्रभारी, सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।

