धनबाद। कोयलांचल के गोल्फ ग्राउंड में रविवार को सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आर्यन केल्विन की फैन मीट के दौरान भारी हंगामा और अफरातफरी की स्थिति बन गई। आर्यन की एक झलक पाने के लिए गोल्फ ग्राउंड में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे।
कार्यक्रम में भीड़ लगातार बढ़ती गई। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब कुछ प्रशंसक सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए मंच के करीब पहुंचने लगे। देखते ही देखते आयोजन स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
पुलिस ने राजकीय शोक का हवाला देकर डीजे बंद कराया

कार्यक्रम की शुरुआत में ही पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखाई। राजकीय शोक का हवाला देते हुए आयोजन स्थल पर बज रहे डीजे और लाउडस्पीकर को तत्काल बंद करा दिया गया।
इसके बाद आयोजकों को बिना संगीत और साउंड सिस्टम के कार्यक्रम जारी रखने की हिदायत दी गई। बिना साउंड सिस्टम के भी प्रशंसकों और युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे कार्यक्रम में लगातार मौजूद रहे।
स्टेज पर चढ़ने की कोशिश, बाउंसरों ने संभाला मोर्चा
फैन मीट के दौरान कुछ उत्साहित प्रशंसकों ने जबरन स्टेज पर चढ़ने की कोशिश की। वहां मौजूद बाउंसरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ता चला गया।
सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे और बांस के बैरिकेडिंग भीड़ के दबाव के सामने टूट गए। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रशंसक मंच के बेहद करीब पहुंच गए। इससे कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के सामने भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती खड़ी हो गई।
झारखंड के कई जिलों और पड़ोसी राज्यों से पहुंचे युवा
आर्यन केल्विन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। फैन मीट में केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि झारखंड के अलग-अलग जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।
प्रशंसकों की संख्या बढ़ने के साथ आयोजन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल होता गया। मंच के आसपास लगातार भीड़ बढ़ती रही और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बना रहा।
पूरे आयोजन के दौरान बनी रही अफरातफरी की स्थिति
भारी भीड़ और लगातार बढ़ती अव्यवस्था के बीच पुलिस, बाउंसर और अन्य सुरक्षाकर्मियों की ओर से स्थिति संभालने का प्रयास किया गया। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान गोल्फ ग्राउंड में काफी समय तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
आर्यन केल्विन की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फैन मीट में बड़ी संख्या में युवा उन्हें देखने और मिलने के लिए पहुंचे थे। वहीं, भारी भीड़ के कारण सुरक्षा इंतजामों को भी चुनौती का सामना करना पड़ा।

