धनबाद में 99 ग्रुप के ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य आगाज, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष सजावट

धनबाद में 99 ग्रुप के ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य आगाज, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष सजावट

धनबाद: भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99 G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में वंदे मातरम्, महापुरुषों के विचारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष झलक देखने को मिली। इस वर्ष वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे ऑडिटोरियम को विशेष रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम 7 नवंबर तक चलेगा।

दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, समाजसेवी उदय प्रताप सिंह और 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय ने बताया कि वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस बार आयोजन को विशेष रूप दिया गया है। पूरे ऑडिटोरियम को इसी भावना के अनुरूप सजाया गया है। उन्होंने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के जरिए भारतीय संस्कृति और देश की गौरवशाली विरासत को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मथुरा प्रसाद महतो ने की 99 ग्रुप की पहल की सराहना

मुख्य अतिथि मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज सामाजिक कार्यों में लगातार भागीदारी निभाता रहा है। ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल उत्सव का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक परंपराओं और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आयोजन में महापुरुषों के चित्रों के माध्यम से उनके योगदान को याद किया जा रहा है। दीपावली के उत्सव के साथ नई पीढ़ी को देश के महापुरुषों और उनके विचारों से जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने इस पहल के लिए 99 ग्रुप की पूरी टीम को बधाई दी।

सिटी एसपी और समाजसेवी ने भी आयोजन को सराहा

धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ते हैं। दीपावली के अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाना अच्छी पहल है।

समाजसेवी उदय प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है, जो समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करें।

स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को अतिथियों और दर्शकों ने सराहा। इस दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से सत्यम राय भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में 99 ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी, डॉ. अमित रंजन, मिथिलेश सिंह, सत्यम राय, राजेश तिवारी, शैलेन्द्र शर्मा और भानु सोनी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

7 नवंबर तक चलेंगी सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां

कार्यक्रम के अंत में 99 ग्रुप के सीईओ रामप्रताप सिंह ने अतिथियों, गणमान्य लोगों, स्कूली बच्चों और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया जाए, जिससे भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहन मिले।

उन्होंने जानकारी दी कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम 7 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और आत्मनिर्भर दिवाली मनाने का संदेश भी दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *