धनबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धनबाद जिले में उत्कृष्ट पुलिसिंग और प्रशासनिक कार्य के लिए 17 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों और कर्मियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने, गंभीर एवं जटिल आपराधिक मामलों के उद्भेदन, संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बाघमारा और निरसा एसडीपीओ को भी मिला सम्मान
बाघमारा के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल को महुदा, बरोरा और कतरास/ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में दर्ज तीन गंभीर हत्या के मामलों के सफल उद्भेदन और त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं निरसा के एसडीपीओ लिलेश्वर श्री महतो को प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. रिजवान सिद्दिकी को दो देशी पिस्तौल और 33 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने तथा गिरोह के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस निरीक्षक कतरास अंचल मुहम्मद रूस्तम को हत्या के मामलों के अनुसंधान एवं उद्भेदन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।
डकैती, हत्या और संगठित अपराध के मामलों में कार्रवाई
कतरास के पुनि सह थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और शशि रंजन कुमार को जमुना दास बिसेसरलाल ऑर्नामेंट्स ज्वेलरी दुकान में गार्ड को बंधक बनाकर की गई डकैती के सफल उद्भेदन के लिए सम्मानित किया गया।
झरिया के पुनि सह थाना प्रभारी मुकेश चौधरी को 452 प्रतिवेदित मामलों के मुकाबले 634 कांडों के निष्पादन, 217 अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा आग्नेयास्त्रों और चोरी गए स्वास्थ्य केंद्र के सामान की बरामदगी के लिए सम्मानित किया गया।
अभियोजन कोषांग के प्रभारी को तीन माह के भीतर 2,475 मामलों में चार्जशीट एवं अंतिम प्रपत्र समर्पित कराने, 3,147 वारंटों का निष्पादन तथा आर्म्स एक्ट के 12 मामलों में स्पीड ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने के लिए सम्मानित किया गया।
साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खुलासे की भी सराहना
लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद को एकड़ा शिव मंदिर के पास चालक से मारपीट कर लूटे गए हाईवा को 24 घंटे के भीतर बरामद करने और दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सम्मानित किया गया।
जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार को प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी और नेटवर्क को ध्वस्त करने में योगदान के लिए सम्मान मिला।
बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा एवं अन्य उग्रवादियों की गिरफ्तारी में साहस और सूझबूझ के लिए सम्मानित किया गया।
बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार को आठ महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मामलों का उद्भेदन कर आरोपियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार करने के लिए सम्मानित किया गया।
मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार को प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान मिला। कालूबथान ओपी प्रभारी नितेश कुमार मिश्रा को बाइक चोरी गिरोह के खिलाफ अभियान चलाकर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और आठ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए सम्मानित किया गया।
साइबर अपराध और यातायात नियंत्रण में योगदान
बरोरा थाना के पुनि सह थाना प्रभारी अभय कुमार को संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ लगातार किए गए कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
गोविंदपुर थाना के पुअनि बिरजू राम को अंतरराज्यीय आपराधिक मामलों के नामजद आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए सम्मान मिला।
साइबर थाना के पुअनि विष्णु कुमार गोस्वामी को मैलवेयर आधारित फ्रॉड मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और ₹129 करोड़ के साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा लेखापाल अमलेश कुमार सिंह को लेखा कार्यों के समय पर निष्पादन, हिंदी शाखा के संचालन और अपराध अनुश्रवण में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। यातायात थाना के सअनि उपेन्द्र कुमार सिंह को सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन और यातायात नियंत्रण में योगदान के लिए सम्मान मिला।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इन सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

