धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयलानगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या डोलन चम्पा बनर्जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और एनसीसी कैडेट्स एवं परेड में शामिल विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संगीत शिक्षक सी.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ जैसे गीतों की प्रस्तुति दी।

इसके अलावा बंगाली लोकनृत्य और ‘हमर झारखंड’ लोकनृत्य ने भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने ‘नारी शक्ति’ नाटक और स्पोर्ट्स ड्रिल की भी प्रस्तुति दी।
प्राचार्या ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या डोलन चम्पा बनर्जी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सभी भारतीयों के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
विद्यार्थियों के भाषण ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान अनुष्का और सानिधि ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। उनके भाषणों से समारोह का माहौल देशभक्ति से भर गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के अंत में वरीय शिक्षक ए.के. पात्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम की जानकारी शिक्षक डॉ. धर्मेंद्र सिन्हा ने दी।


