आसनसोल: अवैध कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) की स्पेशल ब्रांच में तैनात पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से उनके कथित तौर पर अवैध कोयला और बालू सिंडिकेट से संबंधों की जांच चल रही थी।
सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले ही मनोरंजन मंडल के आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुका था। जांच के दौरान संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अवैध सिंडिकेट से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई थीं। इसके आधार पर जांच एजेंसियों ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी थी।
बताया जाता है कि मनोरंजन मंडल आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। बाद में उनकी तैनाती स्पेशल ब्रांच में की गई थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध कोयला कारोबार और कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में उनकी भूमिका कितनी व्यापक थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि मनोरंजन मंडल को कई महीनों से पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था, लेकिन वह लगातार जांच एजेंसियों के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहे थे। इसके अलावा एक थाने में तृणमूल कांग्रेस नेता का जन्मदिन मनाने को लेकर भी वह विवादों में आए थे, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां कोयला तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

