CJP प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- युवाओं की आवाज लाठी से नहीं दबेगी

CJP प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- युवाओं की आवाज लाठी से नहीं दबेगी

दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने वाले छात्रों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास के “सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री” हैं। उनका आरोप है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में कई पेपर लीक हुए, लेकिन अब तक किसी दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा, “152 पेपर लीक से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन किसी भी आरोपी को सजा नहीं मिली। जब छात्रों ने अपने हक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए, तो उन्हें लाठीचार्ज और हिरासत का सामना करना पड़ा।”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक करने वाले लोग खुले घूम रहे हैं, जबकि अपनी मांग रखने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याएं सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘बीजेपी सरकार को बच्चों पर लाठी चलाने की जगह अपनी नीतियों और अक्षमताओं की समीक्षा करनी चाहिए. पहले NEET का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई और Re-NEET में भी गड़बड़ी की खबरें आई हैं. कहा गया था कि प्रधानमंत्री खुद निगरानी करेंगे, इसके बावजूद यह सब क्यों और कैसे हो रहा है? बार-बार इतने पेपर लीक कैसे हो रहे हैं? संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए और प्रधानमंत्री को देश के करोड़ों युवाओं की बात सुननी चाहिए, उन्हें जवाब देना चाहिए.

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से जारी विरोध प्रदर्शन के बीच अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और जनसंपर्क अधिकारी राजीव रंजन ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें. एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, ‘सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें. किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें.’

बता दें कि CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद सीजेपी की तरफ से कहा गया है कि उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है. जब तक ऐसा नहीं होता है, आंदोलन खत्म नहीं होगा. दूसरी ओर, जेपी नड्डा ने इस मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए कहा कि पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 से ही हमारी बातचीत जारी है. 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *