धनबाद: मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में झरिया के मानबाद स्थित मनीष कोचिंग सेंटर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
सम्मानित होने वाले नव-सीए में दीक्षा अग्रवाल, विशाल कुमार साहू, अविनाश अचिंत्य अग्रवाल, मुस्कान मित्तल तथा जुड़वां भाई आयुष अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल शामिल रहे। सभी सफल विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
‘न भागना है, न रुकना है, बस चलते रहना है’ – डॉ. मनीष शर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए मनिश कोचिंग सेंटर के संचालक डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि सीए बनने की राह केवल पढ़ाई की नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और लगातार प्रयास की परीक्षा भी होती है।
उन्होंने कहा,
“न भागना है, न रुकना है, बस चलते रहना है। सीए बनने का यही मूलमंत्र है। कठिन परिस्थितियों में भी जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहते हैं, सफलता अंततः उन्हीं के कदम चूमती है।”
उन्होंने सफल विद्यार्थियों की उपलब्धि को वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि संस्थान हमेशा विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देता रहा है।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक विवेक लिल्हा, जॉनी शर्मा, विकास खेमका, अमर अत्रि, अभिषेक अग्रवाल और गौतम ओझा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विवेक लिल्हा ने सभी नव-सीए विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि कठिन परिश्रम, समर्पण और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नव-सीए विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह सम्मान समारोह उत्साह और गौरव के माहौल में संपन्न हुआ।

