बक्सर: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार सुबह वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक पिकअप वैन से 589.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन को जब्त कर लिया गया है।
सीक्रेट चैंबर बनाकर की जा रही थी तस्करी
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि निरीक्षक सह मध्य निषेध प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान पिकअप वैन की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने (सीक्रेट चैंबर) का पता चला, जिसमें विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
शराब की कीमत 7 लाख रुपये से अधिक
उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त की गई 589.5 लीटर विदेशी शराब की अनुमानित कीमत 7,07,400 रुपये है। विभाग ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि शराब की खेप हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी। पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच से बचने के लिए तस्करों ने पिकअप वैन में विशेष सीक्रेट चैंबर तैयार कराया था, जिससे सामान्य जांच में शराब का पता न चल सके।
बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

