पटना: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के कुख्यात वांछित अपराधी और पाण्डव सेना के सरगना संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। संजय सिंह बिहार के टॉप वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था और उस पर हत्या, रंगदारी, नरसंहार, अवैध खनन, भू-माफिया गतिविधियों सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के तहत 30 जून 2026 को बिहार STF की टीम ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बिहार सहित अन्य राज्यों में हत्या, रंगदारी, रंगदारी के लिए हत्या, नरसंहार, अवैध खनन और भूमि कब्जे जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह बिहटा थाना कांड संख्या 672/25 में AK-47 बरामदगी से जुड़े मामले में भी वांछित था।
बिहार पुलिस का कहना है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता है। अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राज्य में संगठित अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

