लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उन्हें कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। इसी बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी उन्हें बधाई देते हुए एक खास सलाह दी। ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वह अखिलेश यादव के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बड़े राजनीतिक परिवार से आते हैं और उन्हें किसी भौतिक उपहार की जरूरत नहीं है। राजभर ने आगे लिखा कि वह जन्मदिन के उपहार के रूप में सिर्फ एक सलाह देना चाहते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि जमीनी राजनीति करने के लिए आलस छोड़ें और जनता के बीच ज्यादा सक्रिय रहें। राजभर की यह पोस्ट अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से बाहर निकलिए
ओपी राजभर ने अखिलेश को सलाह दी है कि, ‘सलाह यही है कि आप अपनी आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से जितना जल्दी हो सके बाहर निकलिए। एसी और पीसी वाली राजनीति का जितना जल्दी हो सके त्याग करेंगे, उतना आपके लिए अच्छा रहेगा। आलस से बाहर निकलकर गांव-देहात की पगडंडियां भी नापिए। गैर यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के बीच जाकर, उनके सुख-दुख में शामिल होइए, नए उत्तर प्रदेश को देखिए और समझने का प्रयास कीजिए। बस खाली एसी में बैठकर ट्विटर पर खेत-किसान, मेड़-पगडंडी वाला वीडियो मत देखते रहिए, खेत में जाकर खुद किसानी समझिए।’
उन्होंने कहा है कि, ‘हां, ये हो सकता है कि शुरू-शुरू में मेड़-पगडंडी पर चलते-चलते आपका पैर मुचुक जाए, कांटा धंस जाए। ऊपर से घाम भी लगेगा और पसीना से तर भी हो जाएंगे, लेकिन लगातार कोशिश करते रहेंगे तो एक न एक दिन गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता भी समझ में आ ही जाएगा।‘
जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता
राजभर ने अंत में लिखा है कि, ‘अखिलेश बाबू, जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, उसके लिए मेड़ पर गोड़ रगड़ना ही पड़ता है। हम ही से सीख लीजिए, 48 डिग्री में भी गांव-गांव घूमता हूं। बस इतना ही कहना था, आपके लिए यही उचित उपहार है हमारी तरफ से। ईश्वर आपको सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें। एक बार फिर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’

