धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सोमवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के तहत बेलगड़िया टाउनशिप क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुनर्वासित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं और विभिन्न निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मेगा स्किल सेंटर और स्कूलों के निर्माण कार्य का जायजा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और एसएसपी ने क्षेत्र में बन रहे मेगा स्किल सेंटर, प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति देखी।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कर इन संस्थानों को संचालन के लिए तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वासित परिवारों के बच्चों और युवाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था की जांच
अधिकारियों ने बेलगड़िया टाउनशिप स्थित हेल्थ सब-सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की उपलब्धता और लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ फॉगिंग व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से नागरिक सुविधाओं को लेकर सतर्क रहने को कहा।
आवास, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुनर्वासित परिवारों के आवासों की मरम्मत, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टाउनशिप में लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने और अन्य निर्माण कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया।
जल संरक्षण के लिए तालाबों के जीर्णोद्धार की समीक्षा
बेलगड़िया टाउनशिप क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चल रहे तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विस्थापित परिवारों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कार्यदायी एजेंसियों और संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित होकर बेलगड़िया टाउनशिप पहुंचे परिवारों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने चेतावनी दी कि विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए।

