धनबाद: बेलगड़िया के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए जिला प्रशासन, झरिया पुनर्वास विकास प्राधिकरण (JRDA) और BCCL की संयुक्त पहल से विशेष निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, JRDA तथा BCCL के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस पहल का उद्देश्य बेलगड़िया क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।
बैंकिंग से UPSC तक की तैयारी कराई जाएगी
उपायुक्त ने बताया कि ‘महेंद्रास’ के माध्यम से युवाओं को बैंकिंग, SSC, रेलवे, टीचिंग, JSSC, JPSC, UPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों की तैयारी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोचिंग कार्यक्रम 100 प्रतिशत निःशुल्क होगा। युवाओं को विशेषज्ञ फैकल्टी के साथ अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट सीरीज, करियर मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन टेस्ट से होगा 100 युवाओं का चयन
कोचिंग में प्रवेश के लिए ‘महेंद्रास’ की ओर से ऑनलाइन एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 100 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इसके बाद जिला योजना पदाधिकारी की ओर से चयनित उम्मीदवारों की सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।
12वीं पास युवाओं को मिलेगा मौका
निःशुल्क कोचिंग के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले युवाओं की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
कोचिंग की अवधि 6 महीने होगी। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ युवाओं को नियमित टेस्ट और करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
दो स्थानों पर संचालित होगी कोचिंग
कोचिंग कक्षाओं का संचालन आर.एस.पी. कॉलेज, बेलगड़िया तथा मिडिल हाई स्कूल, BCCL टाउनशिप, सेक्टर-1, करमाटांड में किया जाएगा।
प्रशासन की इस पहल से बेलगड़िया क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर निःशुल्क शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध होगी।
उपायुक्त ने निर्माण कार्यों का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने मिडिल स्कूल छाताटांड तथा फेज-1 स्थित मल्टी स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

