धनबाद में ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, 7 नवंबर तक चलेगा आयोजन

धनबाद में ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, 7 नवंबर तक चलेगा आयोजन
धनबाद में ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, 7 नवंबर तक चलेगा आयोजन

धनबाद: दीपावली केवल दीप जलाने और घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से इस वर्ष भी ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99 G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, धनबाद रेल एसपी मूमल राजपुरोहित, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूरा परिसर दीपावली के उल्लास, सांस्कृतिक रंगों और देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष सजावट

इस अवसर पर 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय ने बताया कि इस वर्ष वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे ऑडिटोरियम को विशेष रूप से सजाया गया है। आयोजन के जरिए दीपावली के उत्सव के साथ देश की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और महापुरुषों के योगदान को याद करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के माध्यम से लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

शारदा सिंह ने की 99 ग्रुप की पहल की सराहना

मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता रहा है। ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक परंपराओं और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का बेहतर माध्यम है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों के चित्रों के माध्यम से उनके योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ना सराहनीय पहल है। उन्होंने इस आयोजन के लिए 99 ग्रुप की पूरी टीम को बधाई दी।

रेल एसपी और नगर आयुक्त ने बताया सामाजिक एकता का माध्यम

धनबाद रेल एसपी मूमल राजपुरोहित ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। दीपावली जैसे पर्व पर सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाना सराहनीय है।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है, जो समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करें। 99 ग्रुप की यह पहल समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली है।

वहीं, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है।

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। 99 कोयलांचल सिटी के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद अतिथियों और दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के अंत में 99 ग्रुप के सीईओ रामप्रताप सिंह ने अतिथियों, गणमान्य लोगों, स्कूली बच्चों और उपस्थित शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया जाए, जिससे भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहन मिले।

7 नवंबर तक चलेंगी सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां

सीईओ रामप्रताप सिंह ने बताया कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम आगामी 7 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य दीपावली के उत्सव को अलग पहचान देने के साथ समाज में सकारात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रसारित करना है।

मौके पर 99 ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी, डॉ. अमित रंजन, 99 कोयलांचल सिटी के सचिव शशि पांडेय, सदस्य ए.के. कुटरियार, चंद्रशेखर सिंह, राजेश तिवारी, शैलेन्द्र शर्मा और भानु सोनी समेत सैकड़ों गणमान्य लोग एवं शहरवासी उपस्थित थे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर दिवाली मनाने का संदेश दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *