सरस्वती विद्या मंदिर सिंदरी में आचार्य सम्मान समारोह आयोजित, संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया गया जोर

सरस्वती विद्या मंदिर सिंदरी में आचार्य सम्मान समारोह आयोजित, संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया गया जोर

धनबाद (सिंदरी): सरस्वती विद्या मंदिर, सिंदरी में बुधवार को आचार्य सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह में विद्यालय के आचार्यगण, दीदीजी एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके शिक्षा एवं संस्कार निर्माण में योगदान की सराहना की गई।

शिक्षकों का किया गया सम्मान

समारोह में धनबाद विभाग, विद्या विकास समिति के विभाग प्रमुख नीरज कुमार लाल, उपाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार सिंह, सचिव शशि भूषण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष महेंद्र यादव, प्राचार्य सुनील कुमार पाठक, कार्यक्रम प्रमुख सुजित हाजरा सहित स्थानीय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रबंधन समिति की ओर से विद्यालय के आचार्यगण, दीदीजी एवं कर्मचारी बंधुओं को सम्मानित किया गया।

कोचिंग संस्कृति से दूरी बनाने की अपील

मुख्य वक्ता नीरज कुमार लाल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को अनावश्यक रूप से कोचिंग संस्कृति पर निर्भर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक कोचिंग पर निर्भरता बच्चों के स्वाभाविक विकास और मौलिक सोच को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने पंचपदी शिक्षा व्यवस्था पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्त, चरित्रवान और संस्कारवान नागरिकों का निर्माण होना चाहिए।

शिक्षक और विद्यार्थी विद्यालय की मुख्य धुरी

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय की वास्तविक शक्ति शिक्षक और विद्यार्थी हैं। उन्होंने विद्यालय की सभी योजनाओं और गतिविधियों का केंद्र विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बनाने पर जोर दिया तथा संस्कारप्रधान एवं रचनात्मक गतिविधियों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताया।

संस्कारयुक्त शिक्षा की आवश्यकता पर जोर

सचिव शशि भूषण कुमार गुप्ता ने कहा कि आचार्यगण और दीदीजी विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उनके अनुसार यदि बच्चों में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होगा तो समाज की अनेक समस्याओं का समाधान स्वतः संभव हो सकेगा।

प्राचार्य ने व्यक्त किया आभार

कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य सुनील कुमार पाठक ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट: NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *