Dhanbad में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 55 वाहनों पर 10 लाख का जुर्माना

Dhanbad में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 55 वाहनों पर 10 लाख का जुर्माना

मैथन टोल प्लाजा के पास सघन वाहन जांच अभियान

धनबाद। जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार देर शाम मैथन टोल प्लाजा के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने किया।

परमिट से लेकर ओवरलोडिंग तक हुई जांच

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले व्यावसायिक और निजी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसमें परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ओवरलोडिंग की पड़ताल की गई।

इसके अलावा दोपहिया वाहनों में हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट जैसे अनिवार्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे गए।

55 वाहनों पर लगा 10 लाख रुपये का जुर्माना

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान लगभग 55 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान में निजी और व्यावसायिक दोनों तरह के वाहनों की जांच की गई।

इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

जांच के साथ सड़क सुरक्षा टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को ओवरस्पीडिंग से बचने और लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने सुरक्षित वाहन परिचालन को दुर्घटनाओं से बचाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।

जिले में आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिले में सघन वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा।

अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *