धनबाद। जिले के युवाओं और बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वासित अग्नि-प्रभावित परिवारों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया।
प्रस्तावित केंद्र करीब 10,000 वर्गफीट क्षेत्र में विकसित किया जाना है। यहां युवाओं और महिलाओं को टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण देने की योजना है।
10 हजार वर्गफीट में बनेगा ट्रेनिंग सेंटर
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य करीब 10,000 वर्गफीट में बने मौजूदा भवन की स्थिति का अध्ययन करना और वहां अत्याधुनिक स्किल ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करना था।
इसके साथ ही टेक्सटाइल ट्रेनिंग-सह-आवासीय परिसर विकसित करने की संभावना भी देखी गई। प्रस्तावित केंद्र के जरिए धनबाद के आम नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे बीसीसीएल के अग्नि-प्रभावित परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।

युवाओं और महिलाओं को मिलेगा टेक्सटाइल प्रशिक्षण
प्रशासन के अनुसार केंद्र में युवाओं और महिलाओं को वस्त्र यानी टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण के जरिए प्रत्यक्ष रोजगार, आय बढ़ाने और दीर्घकालिक आजीविका के अवसर तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य धनबाद के युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बनाना और बेलगड़िया में पुनर्वासित परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करना है।
जिला परिषद भवनों का भी किया गया निरीक्षण
संयुक्त दल ने जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता की मौजूदगी में जिला परिषद के भवनों की वर्तमान स्थिति, संरचनात्मक मजबूती और उपयोगिता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यह संभावना भी देखी गई कि मौजूदा संरचना का बेहतर इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है, जिससे सामाजिक कल्याण के साथ-साथ राजस्व अर्जन का स्थायी मॉडल विकसित हो सके।
निरीक्षण के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट और तकनीकी आकलन के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। इस पहल में जिला प्रशासन, बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप की संयुक्त भूमिका रहेगी।
निरीक्षण के दौरान डीएमएफटी के परियोजना प्रबंधक (आजीविका एवं कौशल विकास) अमर कुमार श्रीवास्तव, बीसीसीएल, आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधि और जिला परिषद की टीम मौजूद रही।

