Kumardhubhi Durga Puja: शांति समिति की बैठक में बड़ा फैसला, डीजे पर रोक; CCTV और पार्किंग अनिवार्य

Kumardhubhi Durga Puja: शांति समिति की बैठक में बड़ा फैसला, डीजे पर रोक; CCTV और पार्किंग अनिवार्य

निरसा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कुमारधुबी ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का ने की, जबकि संचालन मुन्ना यादव ने किया। बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों पर चर्चा की।

कुमारधुबी में 9 स्थानों पर होगी दुर्गा पूजा

बैठक में बताया गया कि कुमारधुबी ओपी क्षेत्र में कुल 9 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस दौरान पूजा कमेटियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों को प्रशासन के सामने रखा।

पूजा समितियों ने साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक व्यवस्था और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। समितियों ने पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से सहयोग की भी अपेक्षा जताई।

पूजा पंडालों में CCTV और अलग प्रवेश द्वार अनिवार्य

एगारकुंड प्रखंड की बीडीओ मधु कुमारी ने कहा कि सभी पूजा समितियों के लिए प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल और विसर्जन स्थल पर किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने पंडालों में CCTV कैमरा लगाना अनिवार्य बताया। इसके अलावा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार, पार्किंग की व्यवस्था और पंडाल में जिला प्रशासन की ओर से जारी अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए।

प्रतिमा का विसर्जन निर्धारित रूट के अनुसार ही करने को कहा गया।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

अधिकारियों ने पूजा समितियों को सरकारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की।

असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की नजर

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *