धनबाद। सरायढेला स्थित श्रीराम सिटी अपार्टमेंट की छत पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपार्टमेंट मालिक द्वारा लगाए गए टावर के जनरेटर हाउस में अचानक आग लग गई। धुआं और आग की लपटें देखकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
जनरेटर हाउस में अचानक लगी आग
आग लगने की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट के लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही तत्काल फायर विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही अपार्टमेंट के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
समय रहते लोगों ने पाया आग पर काबू
अपार्टमेंट के लोगों के अनुसार, आग जनरेटर हाउस में लगी थी। सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोगों ने समय रहते आग बुझाने का प्रयास किया। इससे आग को फैलने से पहले ही काबू कर लिया गया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।
आग की घटना के बाद कुछ देर तक श्रीराम सिटी अपार्टमेंट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि, लोगों द्वारा समय रहते आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

