राघव चड्ढा ने PM मोदी से की मुलाकात, बोले- हमेशा याद रहेगी यह सुबह

राघव चड्ढा ने PM मोदी से की मुलाकात, बोले- हमेशा याद रहेगी यह सुबह

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के साथ अपनी तस्वीर शेयर की और इस मुलाकात को अपने लिए यादगार बताया।

चड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी बातचीत काफी विस्तृत और ज्ञानवर्धक रही। उन्होंने पीएम मोदी का समय देने और उनके विचारों व मार्गदर्शन से सीखने का मौका मिलने पर आभार जताया।

PM मोदी ने करीब 45 सांसदों से की मुलाकात

इससे एक दिन पहले, 7 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग राजनीतिक दलों के करीब 45 सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की थी। इस बैठक में शिवसेना के सात, एनसीपीआई के 20 और अजित पवार गुट की एनसीपी के दो सांसदों के अलावा उपेंद्र कुशवाहा समेत कई अन्य सांसद शामिल हुए थे।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों से अपने संसदीय क्षेत्रों के विकास, जनता से बेहतर जुड़ाव और स्वास्थ्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रधानमंत्री ने नाश्ते पर मौजूद सांसदों से कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए उपलब्ध संसाधनों और अधिकारों का प्रभावी इस्तेमाल करें. उन्होंने बताया कि क्षेत्र से जुड़ी किसी भी विकास योजना के लिए सांसद सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से संपर्क कर सकते हैं.

प्रधानमंत्री ने सांसदों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका हाल-चाल पूछा. इस दौरान धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर से प्रधानमंत्री ने उनके योगाभ्यास के बारे में भी जानकारी ली.

नाश्ते के दौरान सांसदों से व्यक्तिगत तौर पर मिले PM

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सभी सांसदों के पास गए और उनसे व्यक्तिगत बातचीत की. इस दौरान उन्होंने एक अच्छे मेजबान की भूमिका भी निभाई. प्रधानमंत्री ने सांसदों को यह संदेश भी दिया कि सदन में किसी दल के सांसदों की संख्या के आधार पर प्राथमिकता या भेदभाव नहीं किया जाता. उन्होंने कहा कि सभी सांसदों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों की जनता के प्रति जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *