यमन एक बार फिर मिसाइल और ड्रोन हमलों से दहल उठा है। हूती विद्रोहियों ने देश के हद्रामौत और मारिब प्रांतों में सरकारी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में 58 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य सैनिक घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
8 बैलिस्टिक मिसाइलों से किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, हूतियों ने अल-जॉफ प्रांत से 8 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इन मिसाइलों को हद्रामौत के अल-थिनिया और अल-अब्र तथा मारिब के अल-रौक इलाके में स्थित सरकारी सेना के ठिकानों पर निशाना बनाया गया।
इसके अलावा हमले में ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। हमले के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है।
कई सैनिक घायल
मिसाइल और ड्रोन हमलों में कई सैनिक घायल हुए हैं। उन्हें स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हमले के बाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

