तमिलनाडु में शराब खरीदने की ऑनलाइन सुविधा शुरू, जानिए क्या है नया नियम

तमिलनाडु में शराब खरीदने की ऑनलाइन सुविधा शुरू,   जानिए क्या है नया नियम

तमिलनाडु में शराब खरीदने वालों के लिए शुक्रवार से नई ऑनलाइन सुविधा शुरू होने जा रही है। राज्य के निषेध और आबकारी मंत्री के. विग्नेश ने बताया कि ग्राहक TASMAC की वेबसाइट के जरिए शराब का ऑर्डर कर सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे।

हालांकि, इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ऑनलाइन ऑर्डर और पेमेंट करने के बाद ग्राहक को खुद संबंधित शराब की दुकान पर जाकर अपना ऑर्डर लेना होगा।

होम डिलीवरी की खबरों को बताया गलत

मंत्री ने साफ किया कि नई व्यवस्था में घर तक शराब पहुंचाने की कोई सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर होम डिलीवरी को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि पहले ही दिन 700 से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन शराब का ऑर्डर और भुगतान किया।

MRP पर मिलेगी शराब, हर बिक्री का बिल जरूरी

मंत्री के मुताबिक, ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने का एक बड़ा उद्देश्य शराब की हर बिक्री का बिल सुनिश्चित करना है। इससे ग्राहकों को बोतल पर लिखी MRP पर ही शराब मिलने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी शराब के कई ब्रांड पहले से TASMAC की दुकानों पर उपलब्ध हैं। ग्राहकों की मांग के आधार पर कुछ अन्य ब्रांडों को लेकर भी विचार किया जाएगा।

लंबी कतारों से मिलेगी राहत

नई ऑनलाइन व्यवस्था से ग्राहकों को शराब खरीदने के लिए दुकानों पर लंबी कतार में खड़े होने से राहत मिल सकती है। हालांकि, ऑर्डर लेने के लिए ग्राहकों को दुकान पर खुद जाना होगा।

बता दें कि सरकार के अनुसार, ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से TASMAC कर्मचारियों पर कैश काउंटर का दबाव कम होगा. ग्राहकों को भी भुगतान के लिए लंबी कतार में खड़े होने से राहत मिलेगी. नई व्यवस्था के तहत ग्राहक किसी खास TASMAC दुकान पर उपलब्ध शराब के अलग-अलग ब्रांड की जानकारी पहले ही देख सकेंगे और उसके बाद अपना ऑर्डर कर सकेंगे.

मंत्री ने कहा कि इससे शराब की बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्राहकों से अतिरिक्त 10 रुपये की अवैध वसूली रोकने में भी मदद मिलेगी.

परेशान करने वाली TASMAC दुकानों को हटाया जाएगा

विग्नेश ने कहा कि ऐसी TASMAC दुकानों की पहचान की जाएगी, जिनकी वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है. इन दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा. मंत्री ने बताया कि TVK सरकार TASMAC से जुड़े कई प्रशासनिक मामलों को भी चरणबद्ध तरीके से सुलझा रही है.

इनमें कर्मचारियों के वेतन से जुड़े मामले, बिजली के बिलों का भुगतान, शराब के कार्टन की ढुलाई और रखरखाव समेत अन्य संचालन संबंधी समस्याएं शामिल हैं.

अवैध शराब की बिक्री से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के संज्ञान में लाया जाएगा. इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, तमिलनाडु TASMAC कर्मचारी संघ ने ऑनलाइन भुगतान की नई व्यवस्था का कड़ा विरोध किया है. संघ का कहना है कि इस प्रणाली को लागू करने में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ सकती हैं.

संघ ने एक बयान में कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वेबसाइट के जरिए शराब की बिक्री में कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए कौन-कौन से सुरक्षा उपाय किए गए हैं.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *