भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इससे पहले देशभर की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसी के तहत जम्मू पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (International Border) के पास संयुक्त एंटी-टनल सर्च ऑपरेशन चलाया। यह अभियान बॉर्डर पुलिस पोस्ट अल्लाह के तहत आने वाले बॉर्डर आउट पोस्ट पीतल क्षेत्र में किया गया।
संदिग्ध सुरंग या गतिविधि नहीं मिली
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की गहन तलाशी ली। उनका मकसद जमीन के नीचे बनी किसी भी सुरंग या ऐसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाना था, जिसका इस्तेमाल अवैध रूप से सीमा पार करने के लिए किया जा सकता है।
हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध सुरंग या संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमा पर निगरानी और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस और बीएसएफ की कड़ी मशक्कत के बाद सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ और कोई संदिग्ध गतिविधि या सुरंग नहीं मिली और इलाके में सुरक्षा की स्थिति कुल मिलाकर शांतिपूर्ण और सामान्य रही.
नियमित रूप से चलाए जाते हैं ऐसे ऑपरेशन
जम्मू पुलिस, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर, बॉर्डर इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमेशा हाई अलर्ट पर रहती है और नियमित रूप से ऐसे ऑपरेशन चलाती रहती है.
दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के पहले किए जाएंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीमा से लेकर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन और सुरक्षा बलों की तरफ से सुरक्षा सुरक्षित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एंजेंसियों के साथ जांच एजेंसियों की आंखें भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को भांपने के लिए पूरी तरह से टिकी हुई हैं.

