धनबाद: जेआरडीए की विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

धनबाद: जेआरडीए की विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शनिवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) की समीक्षा बैठक में झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगढ़िया टाउनशिप में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

स्किल सेंटर, हॉस्टल और दुकानों के निर्माण की समीक्षा

बैठक में मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर, स्किल सेंटर के प्रशिक्षुओं के लिए 9 ब्लॉकों में बन रहे हॉस्टल, 90 दुकानों के निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, फेज-1 की सड़क एवं पेवर ब्लॉक, फेज-1, 2 और 3 के सुदृढ़ीकरण तथा दो सामुदायिक भवनों सहित कई विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बेलगढ़िया में बनेगा नया तालाब

उपायुक्त ने जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से बेलगढ़िया टाउनशिप में नए तालाब के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जल संरक्षण के स्थायी उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

आधारभूत सुविधाओं के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा के दौरान बेलगढ़िया टाउनशिप में आवास, सड़क, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पशु शेड, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, बाउंड्री वॉल, पेयजल, बिजली और अन्य आधारभूत संरचनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा हुई।

उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बजट और मॉनिटरिंग पर भी जोर

बैठक में विभिन्न योजनाओं के वित्तीय प्रावधान, बजट उपयोगिता और अतिरिक्त बजट की आवश्यकता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि पुनर्वास क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित स्थल निरीक्षण भी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जेआरडीए के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *