उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून की बारिश उम्मीद से कम हुई है। 1 जून से 31 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, जुलाई में पहले के मुकाबले ज्यादा बारिश होने से यह कमी घटकर 17 प्रतिशत रह गई। मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई में प्रदेश में 217.7 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 261.7 मिमी बारिश होती है।
2 अगस्त से बदलेगा मौसम
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी ट्रफ उत्तर की ओर बढ़ रही है। इससे बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगेगी और उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 2 अगस्त से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान है।
अगस्त में क्या रहेगा हाल?
मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त में पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। हालांकि, पूरे महीने की औसत बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है।

