गाजा में शांति की उम्मीद बढ़ी, हमास ने सीजफायर रोडमैप पर जताई सहमति

गाजा में शांति की उम्मीद बढ़ी, हमास ने सीजफायर रोडमैप पर जताई सहमति

मध्य पूर्व में लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच गाजा से राहत देने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका, मिस्र, कतर और तुर्की की मध्यस्थता से हमास ने गाजा में अगले चरण के युद्धविराम (सीजफायर) के लिए तैयार किए गए विस्तृत रोडमैप पर सहमति जता दी है।

जानकारी के अनुसार, इस पहल का नेतृत्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कर रहा है। इस समझौते की सबसे अहम बात यह है कि हमास ने पहली बार आधिकारिक तौर पर अपने सभी हथियार छोड़ने के लिए एक व्यावहारिक योजना पर काम करने का वादा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि यह योजना तय शर्तों के अनुसार लागू होती है, तो इजरायल भी अपनी सेना को गाजा पट्टी से चरणबद्ध तरीके से वापस बुलाएगा।

हालांकि, समझौते के सभी चरणों को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को कई शर्तें पूरी करनी होंगी। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उम्मीद है कि यह पहल गाजा में स्थायी शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

गाजा में शांति लाने के प्रयासों को लेकर मिली कामयाबी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “आज, बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा में हमास और अन्य सभी हथियारबंद गुटों के पूरी तरह से हथियार छोड़ने (डिसआर्मामेंट) के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है। यह खबर गाजा में स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। यह समझौता गाजा में एक नई फिलिस्तीनी सरकार के शासन की दिशा में एक अहम कदम है। ये नई सरकार फिलिस्तीन जनता की मदद के लिए बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम करेगी।”

कब सेना हटाएगा इजरायल?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को लेकर भी बात की है। ट्रंप ने कहा- इजरायल को वह सुरक्षा मिलेगी जिसका वह हकदार है, क्योंकि गाजा का इस्तेमाल अब आतंकी हमलों के अड्डे के तौर पर नहीं किया जाएगा।” ट्रंप ने बताया है कि हमास का हथियार छोड़ने पर सहमति जताना गाजा के लिए 20-सूत्रीय प्लान को लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जैसे-जैसे हमास हथियार छोड़ेगा, इजरायल की सेना पीछे हट जाएगी। इसके बाद ‘इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स’ गाजा को वहां के निवासियों और पड़ोसियों के लिए सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएगी। एक नई फिलिस्तीनी पुलिस फोर्स भी बनाई जाएगी जो कि इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स के साथ मिलकर काम करेगी। आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा को ‘रिवेरा’ में बदलने का प्रस्ताव पेश किया था। रिवेरा समुद्र तट पर बसे एक लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र को कहते हैं।

खतरे को दोबारा सिर नहीं उठाने देंगे

ट्रंप ने कहा- एक साल पहले गाजा में हिंसक युद्ध और मानवीय संकट था। यहां इजरायली बंधकों को बेरहमी से कैद कर के रखा गया था। हमने ऐतिहासिक प्रगति की है और अभी भी बहुत काम करना बाकी है। 7 अक्टूबर को गाजा से पैदा हुए खतरे को दोबारा सिर नहीं उठाने दिया जाएगा। इस डील के तहत गाजा आखिर में एक ऐसी नई फिलिस्तीनी सरकार के हाथों में होगा जो अपने लोगों की सेवा करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *