Dhanbad News: शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह, 9 अगस्त से शुरू होगी परेड रिहर्सल

Dhanbad News: शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह, 9 अगस्त से शुरू होगी परेड रिहर्सल

धनबाद: 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में 15 अगस्त के मुख्य समारोह से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष मुख्य समारोह शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित होगा, जबकि 9 अगस्त से 13 अगस्त तक परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा।

13 अगस्त तक पूरी होंगी सभी तैयारियां

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां 13 अगस्त तक पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्टेडियम की साफ-सफाई, समतलीकरण, सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी विद्यालयों में झंडोत्तोलन तथा भवनों की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराने का भी निर्देश दिया गया।

सुबह से अलग-अलग स्थानों पर होगा ध्वजारोहण

15 अगस्त को उपायुक्त सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8:00 बजे आवासीय कार्यालय, 9:00 बजे मुख्य समारोह स्थल और 10:00 बजे समाहरणालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

इसके अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल दंडाधिकारी, एडीएम, एसएसपी और अन्य अधिकारी भी निर्धारित समय पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे।

इस बार पहली बार बेलगड़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और स्थानीय नागरिकों को समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।

9 अगस्त से शुरू होगी परेड की रिहर्सल

मुख्य समारोह में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड तथा ग्रामीण पुलिस के प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे।

9 अगस्त से 13 अगस्त तक शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में नियमित पूर्वाभ्यास होगा। 13 अगस्त को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड रिहर्सल और समारोह स्थल की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

14 अगस्त की शाम न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 14 और 15 अगस्त की शाम शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। सभी प्रमुख प्रतिमाओं की भी साफ-सफाई कराई जाएगी।

ड्राई डे रहेगा, प्लास्टिक तिरंगे से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में ड्राई डे घोषित करने की जानकारी दी है। साथ ही नागरिकों से प्लास्टिक से बने राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग नहीं करने और केवल मानक के अनुरूप तिरंगे का प्रयोग करने की अपील की गई है।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन, आगंतुकों के स्वागत, सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण और विधि-व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *