सिंदरी के गायत्री ज्ञान मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर अखंड जाप, महायज्ञ और संगीत संध्या का आयोजन

सिंदरी के गायत्री ज्ञान मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर अखंड जाप, महायज्ञ और संगीत संध्या का आयोजन

धनबाद (सिंदरी): गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में सिंदरी स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में पूजा-अर्चना, हवन, जाप और यज्ञ में भाग लेकर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

12 घंटे का अखंड जाप और तीन कुंडीय गायत्री महायज्ञ

कार्यक्रम के तहत 12 घंटे का अखंड गायत्री महामंत्र जाप आयोजित किया गया। इसके साथ ही तीन कुंडीय गायत्री महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने हवन-यज्ञ में भाग लिया। इस दौरान सत्संकल्प का पाठ भी किया गया।

गुरुदेव के सूक्ष्म संरक्षण की भावना के साथ दीक्षा संस्कार और जन्मदिवस संस्कार भी संपन्न कराए गए। वहीं, गायत्री परिवार के आठ सदस्यों ने 40 दिनों में सवा लाख गायत्री महामंत्र जाप करने का संकल्प लिया।

दीप महायज्ञ और संगीत संध्या ने बनाया भक्तिमय माहौल

शाम छह बजे से दीप प्रज्ज्वलन के साथ गायत्री महायज्ञ, महादीप यज्ञ और संगीत संध्या का आयोजन हुआ। महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

आध्यात्मिक संदेश पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के दौरान वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को स्मरण करते हुए बताया गया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार का उद्देश्य “मनुष्य में देवत्व का विकास और धरती पर स्वर्ग का अवतरण” है। श्रद्धालुओं से नैतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कार्यक्रम के संचालन में श्रीमती शालिनी यादव, शिम्पी सिंह, संगीता, रेखा दीदी, शांति दीदी सहित अन्य बहनों की सक्रिय भूमिका रही। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में भाग लिया और अंत में महाभोग प्रसाद ग्रहण किया।

रिपोर्ट: NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *