नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट हटाए जाने के मामले में केंद्र सरकार और मेटा के बीच विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, मेटा की ओर से दी गई सफाई से सरकार पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। सरकार का कहना है कि इस मामले पर अभी और विस्तार से चर्चा की जाएगी और इसे फिलहाल बंद नहीं माना जा सकता।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट अचानक प्लेटफॉर्म से हट गई थी। इसके बाद इस मामले पर सवाल उठने लगे। मेटा ने सफाई देते हुए कहा कि पोस्ट तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हट गई थी। कंपनी ने यह भी बताया कि जैसे ही गलती का पता चला, पोस्ट को दोबारा फेसबुक पर बहाल कर दिया गया।
सरकार ने मांगी विस्तृत जानकारी
हालांकि, सरकार इस जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री की इतनी महत्वपूर्ण पोस्ट का हटना सिर्फ तकनीकी गलती बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसी वजह से सरकार ने मेटा से इस मामले में विस्तृत जानकारी मांगी है। सरकार का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही तय होना जरूरी है, खासकर जब मामला देश के प्रधानमंत्री के आधिकारिक कंटेंट से जुड़ा हो। ऐसे में आने वाले दिनों में सरकार और मेटा के बीच इस मुद्दे पर आगे भी बातचीत हो सकती है।
पोस्ट गलती से हटाई गई- मेटा
मेटा का कहना है कि पोस्ट गलती से हटाई गई थी और उसे तुरंत बहाल कर दिया गया, लेकिन सरकार इस जवाब को पर्याप्त नहीं मान रही है. ऐसे में यह मामला अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और आगे इस पर और कार्रवाई या चर्चा होने की संभावना बनी हुई है.

