नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में हुए CJP विरोध प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने प्रदर्शनकारियों और विपक्ष पर तीखा हमला बोला था। अब कंगना अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर फिर सुर्खियों में हैं। इस पोस्ट में उन्होंने आज की पीढ़ी की महिलाओं पर कड़ी टिप्पणी की है।
नई पीढ़ी की महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया
कंगना ने अपने पोस्ट में नई पीढ़ी की महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कुछ महिलाओं को “गटर छाप”, “भ्रष्ट” और “कई पुरुषों से संबंध रखने वाली” तक कहा। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

जो महिलाएं आज़ाद होती हैं, वो बागी फ़ैसले लेती हैं
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘उन युवा हिंदू महिलाओं के लिए सबसे शर्मनाक बात है कि वो उन महिलाओं की नकल करना चाहती हैं जो आज़ाद करियर वाली है. आजाद महिलाएं लीक से अलग हटकर चलती हैं, बागी फैसले लेती हैं और जिम्मेदारियां भी खुद संभालती हैं. वे अपने पैरेंट्स या फैमिली की कीमत पर ऐसा नहीं करती हैं, बल्कि उन्हें ऐसा अपने दम पर करना ही पड़ता है.’
महिलाओं को “जेनरेशन गटर” बताया
कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसी महिलाओं को “जेनरेशन गटर” बताया। उन्होंने लिखा कि उनके मुताबिक, यह नई पीढ़ी की तथाकथित पश्चिमी सोच वाली भारतीय महिलाएं हैं। कंगना ने दावा किया कि न तो वे पढ़ाई में अच्छी होती हैं, न उनकी सोच अच्छी होती है और न ही वे एक अच्छी गृहिणी बन सकती हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि ऐसी महिलाओं के पास समाज को देने के लिए कुछ नहीं होता। उनके अनुसार, वे ड्रग्स लेने, शराब पीने और कई लोगों के साथ शारीरिक संबंध रखने जैसी बातों को अपनी आजादी बताकर उस पर गर्व करती हैं।
माता-पिता की कमाई पर रहने का भी लगाया आरोप
कंगना ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि ऐसी महिलाएं बिना आत्मनिर्भर बने आजादी की बात करती हैं और अपने माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहती हैं। उन्होंने लिखा कि आजाद जिंदगी कमानी पड़ती है, और बिना जिम्मेदारी उठाए आजादी की बात करना गलत है।
कंगना के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कंगना की इस पोस्ट पर लोग भड़क गए
कंगना की इस पोस्ट पर लोग भड़क गए हैं. रेडिट पर एक यूजर ने लिखा, ‘मुझे नहीं लगता कि लोग इससे सहमत होंगे.’ एक ने लिखा, ‘जो उसने खुद पहले की है, अब उन चीजों के लिए वो दूसरों को शर्मिंदा करेगी.’ एक अन्य ने कमेंट किया, ‘वो उन चीजों को शायद भूल चुकी है जो उसने खुद यहां तक पहुंचने के लिए की है.’ वहीं एक अन्य ने लिखा, ‘उसका दिमाग़ खराब हो गया है और कुछ नहीं.’

