धनबाद (सिंदरी): आर्थिक अभाव और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और लगन के दम पर सिंदरी की होनहार छात्रा काजल कुमारी ने एक नई मिसाल कायम की है। रंगामाटी स्थित खटाल परिसर में रहने वाली काजल ने आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर आईआईटी पटना के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (बी.टेक.) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है।
सीमित संसाधनों के बीच हासिल की बड़ी सफलता
काजल कुमारी, रमेश कुमार यादव और लखमुनी देवी की पुत्री हैं। उनके पिता निजी कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद काजल ने एनएसी स्कूल, रंगामाटी से मैट्रिक और एसबीएम कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद उन्होंने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सिंदरी क्षेत्र का नाम रोशन किया।
भाजपा नेताओं ने घर पहुंचकर किया सम्मान
काजल की इस उपलब्धि पर भाजपा के निवर्तमान जिला महामंत्री (धनबाद ग्रामीण) मनोज मिश्रा अपने साथ पूर्व जिला अध्यक्ष विजय सिंह, वरिष्ठ नेता रवि शर्मा, युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी राजेश चौधरी तथा विजय नाहा के साथ उनके आवास पहुंचे।
नेताओं ने काजल को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके माता-पिता को भी बेटी की इस सफलता पर बधाई दी।
“प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती”
इस अवसर पर मनोज मिश्रा ने कहा कि यदि हौसला बुलंद हो तो कोई भी परिस्थिति सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि काजल कुमारी ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती और मेहनत करने वालों को मंजिल अवश्य मिलती है।
उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हरसंभव उत्साहवर्धन करना चाहिए, ताकि वे आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
काजल कुमारी की यह सफलता आज उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
(रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा एवं प्रेम प्रकाश शर्मा, सिंदरी | News ANP)

