धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में रविवार को नवप्रवेशित अंडरग्रेजुएट (यूजी) और पोस्टग्रेजुएट (पीजी) विद्यार्थियों के लिए पेनमैन ऑडिटोरियम में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूजी और पीजी छात्रों के लिए अलग-अलग सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, रिसर्च कल्चर, इनोवेशन इकोसिस्टम, स्टूडेंट सपोर्ट सिस्टम और कैंपस जीवन से परिचित कराया गया।
निदेशक ने दिया नवाचार और उद्यमिता का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया और संस्थान की 100 वर्षों की गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर भविष्य निर्माण का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद आज इंटरडिसिप्लिनरी शिक्षा के साथ-साथ क्रिटिकल मिनरल्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी और सस्टेनेबल माइनिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहने, बल्कि क्रिटिकल थिंकिंग, टीमवर्क और प्रॉब्लम सॉल्विंग जैसी क्षमताओं को विकसित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने तथा “जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर” बनने का संदेश दिया।
अकादमिक व्यवस्था और रिसर्च अवसरों की दी जानकारी
डीन (एकेडमिक) प्रो. अमित राय दीक्षित ने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रणाली, अकादमिक नियमों और इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग के अवसरों से अवगत कराया।
वहीं, डीन (इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. आलोक कुमार दास ने छात्रों से इनोवेशन और रिसर्च की संस्कृति अपनाने की अपील करते हुए संस्थान में उपलब्ध स्टार्टअप, इंडस्ट्री कोलैबोरेशन और नवाचार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी दिया जोर
डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) प्रो. संजय कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को हॉस्टल, काउंसलिंग, स्टूडेंट वेलफेयर योजनाओं, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य छात्र सहायता सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम से पहले डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) कार्यालय की ओर से YourDOST के सहयोग से नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए अलग-अलग मेंटल हेल्थ अवेयरनेस सेशन आयोजित किए गए। इनमें तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, काउंसलिंग सुविधाओं और समय पर सहायता लेने के महत्व पर जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने दिए जवाब
कार्यक्रम का संचालन डीन (इंटरनेशनल रिलेशंस) प्रो. रजनी सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं, कैंपस जीवन और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।


