धनबाद/सिंदरी: री-NEET 2026 परीक्षा में 627 अंक हासिल कर सिंदरी और धनबाद का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा स्नेहल झा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सम्मानित किया। भाजपा धनबाद जिला ग्रामीण के निवर्तमान जिला महामंत्री मनोज मिश्रा अपने साथियों के साथ स्नेहल झा के आवास पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्नेहल की सफलता को बताया प्रेरणादायक
इस अवसर पर मनोज मिश्रा ने कहा कि स्नेहल झा की उपलब्धि पूरे सिंदरी और धनबाद जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्नेहल की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्नेहल भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी।
माता-पिता को भी दी बधाई
मनोज मिश्रा ने स्नेहल के माता-पिता अरविंद कुमार झा और पूजा झा को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपलब्धियों के पीछे माता-पिता के त्याग, संस्कार और निरंतर मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में भाजपा नेता रवि कुमार, विजय नाहा, रमेश यादव और बुलगानी दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्नेहल झा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की दिशा में मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

