अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की खबरों को बताया अफवाह, कहा- ऐसी कोई योजना नहीं

अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की खबरों को बताया अफवाह, कहा- ऐसी कोई योजना नहीं

नई दिल्ली: अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने एयरलाइन शुरू करने की खबरों को गलत बताया है। कंपनी ने कहा कि वह किसी भी नई यात्री विमान सेवा (एयरलाइन) को शुरू करने की योजना नहीं बना रही है।

कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि हाल के दिनों में मीडिया और बाजार में चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं। उन्होंने साफ किया कि अदाणी एंटरप्राइजेज फिलहाल एयरलाइन कारोबार में उतरने पर कोई विचार नहीं कर रही है।

एविएशन सेक्टर में बड़ी भूमिका निभा रहा है अदाणी समूह

हालांकि, अदाणी समूह पहले से ही देश के एविएशन सेक्टर में बड़ी भूमिका निभा रहा है। कंपनी भारत की सबसे बड़ी निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर है और मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर, गुवाहाटी, मंगलुरु और तिरुवनंतपुरम समेत आठ हवाई अड्डों का संचालन और विकास कर रही है।

हाल ही में अदाणी एयरपोर्ट्स ने पांच राज्यों के छह हवाई अड्डों पर इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट सिटीज विकसित करने का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम लांच किया है, जिसमें पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।

इसके अलावा समूह विमान निर्माण में भी उतर चुका है। जनवरी 2026 में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने ब्राजील की दिग्गज कंपनी एम्ब्रेयर के साथ समझौता किया है, जिसके तहत भारत में क्षेत्रीय यात्री विमानों की असेंबली लाइन स्थापित करने, सप्लाई चेन, आफ्टरमार्केट सेवाओं और पायलट ट्रेनिंग पर सहयोग किया जाएगा।

इस दिशा में काम प्रगति पर है और धीरे-धीरे स्वदेशीकरण बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में उद्योग में आम चर्चा है कि अदाणी समूह जल्द ही विमानन सेक्टर की एक संपूर्ण कंपनी बन सकता है, जो एयरपोर्ट से लेकर विमान निर्माण, मेंटेनेंस और ट्रेनिंग तक पूरे वैल्यू चेन को कवर करे।

भारतीय एविएशन सेक्टर दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाजार माना जाता है, लेकिन यहां दो ही कंपनियों (इंडिगो और एयर इंडिया) ने करीब 85 से 90 फीसद बाजार पर कब्जा कर रखा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *