Dhanbad News: जनता दरबार में प्रधान शिक्षिका पर मनमानी का आरोप, जांच के निर्देश

Dhanbad News: जनता दरबार में प्रधान शिक्षिका पर मनमानी का आरोप, जांच के निर्देश

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला ने की।

विद्यालय की प्रधान शिक्षिका के खिलाफ शिकायत

जनता दरबार में बलियापुर प्रखंड की परसबनिया पंचायत के मुखिया ने चिटाही-छाताबाद स्थित नया प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विद्यालय में बच्चों को नियमित और उचित मध्याह्न भोजन नहीं दिया जाता तथा उनकी पढ़ाई पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति कम होने के बावजूद उपस्थिति पंजी में मनमाने ढंग से अधिक उपस्थिति दर्ज की जाती है। साथ ही प्रधान शिक्षिका पर अभिभावकों और ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार करने तथा विद्यालय प्रबंधन समिति से जुड़े बैंक खाते और चेकबुक अपने पास रखने के भी आरोप लगाए गए।

शिक्षा अधीक्षक को जांच के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला ने जिला शिक्षा अधीक्षक को पूरे प्रकरण की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन पहुंचे

जनता दरबार में टुंडी, बलियापुर, गोविंदपुर, निरसा, कतरास, महुदा, बाघमारा, झरिया, सिंदरी, तोपचांची और धनबाद सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।

इस दौरान भूमि विवाद, मारपीट, अतिक्रमण, पुनर्वास, छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी सेविका चयन, अबुआ आवास योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने तथा आवेदकों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जनता दरबार के दौरान सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज़ अहमद भी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *