धनबाद सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे उप विकास आयुक्त, निर्माण कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी

धनबाद सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे उप विकास आयुक्त, निर्माण कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी

धनबाद: उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने गुरुवार को धनबाद सदर अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय का निरीक्षण कर परिसर में चल रहे विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए संवेदक को कड़ी फटकार लगाई और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने भवन निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कार्य अपेक्षित गति से नहीं होने पर उन्होंने संबंधित संवेदक को चेतावनी देते हुए सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और अन्य अधिकारियों को नियमित निगरानी कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था पर भी दिया जोर

उप विकास आयुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) को नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पार्किंग शेड जल्द चालू करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नव निर्मित पार्किंग शेड का भी अवलोकन किया गया। डीडीसी ने पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की तथा पार्किंग शेड का कार्य शीघ्र पूरा कर आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *