Dhanbad News: KGBV गोविंदपुर में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

Dhanbad News: KGBV गोविंदपुर में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

धनबाद: जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), गोविंदपुर में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की करीब 120 छात्राओं ने भाग लिया।

सरकारी योजनाओं और महिला अधिकारों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के बारे में विस्तार से बताया गया।

अधिकारियों ने बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता और कन्या भ्रूण हत्या रोकने से जुड़े विषयों पर भी छात्राओं को जागरूक किया।

साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के उपाय बताए गए।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए भाषण, चित्रकला (ड्राइंग) और क्विज़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और जागरूकता का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में शुभम कुमार, हेमलता रजक, जयश्री शर्मा, संजू कुमारी, प्रेरणा बर्णवाल, राखी कुमारी सहित महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *