धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय स्तरीय स्टेशन इम्प्रूवमेंट ग्रुप ने रविवार को कोडरमा और पारसनाथ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पैसेंजर सर्विसेज) दिलीप कुमार ने किया। इस दौरान स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, आधारभूत संरचनाओं और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
यात्री सुविधाओं और स्वच्छता का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और स्टेशन संचालन की विभिन्न व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया गया।
अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा स्टेशन संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्माणाधीन स्टेशन भवन की प्रगति की समीक्षा
कोडरमा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का भी अवलोकन किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के अनुरूप कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया।

मुख्यालय और मंडल के अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय तथा धनबाद मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार और बेहतर संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं।

