अगर आप होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं, तो बिल का भुगतान करने से पहले उसे ध्यान से जरूर जांच लें। कई बार ग्राहकों की जानकारी या सहमति के बिना बिल में सर्विस चार्ज जोड़ दिया जाता है।
इसी मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने देशभर के 41 रेस्टोरेंट्स, जिनमें Chaayos और Barbeque Nation भी शामिल हैं, के खिलाफ कार्रवाई की है।
इन रेस्टोरेंट्स पर आरोप है कि उन्होंने ग्राहकों की अनुमति के बिना बिल में सर्विस चार्ज जोड़ा। कई मामलों में 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, ग्राहकों से वसूला गया सर्विस चार्ज वापस करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ऐसे में अगर आपके बिल में भी बिना आपकी सहमति के सर्विस चार्ज जोड़ा जाता है, तो आप इसका विरोध कर सकते हैं और अपनी शिकायत संबंधित उपभोक्ता प्राधिकरण के पास दर्ज करा सकते हैं। कानून के तहत ग्राहकों के अधिकार सुरक्षित हैं।
क्या है पूरा मामला?
CCPA के अनुसार, कई रेस्टोरेंट ग्राहकों के बिल में 5% या 10% सर्विस चार्ज अपने आप जोड़ रहे थे. कई ग्राहक इसे GST समझकर भुगतान कर देते थे, जबकि सर्विस चार्ज और GST दोनों अलग-अलग चीजें हैं. सरकार का कहना है कि किसी भी ग्राहक से उसकी मंजूरी के बिना सर्विस चार्ज लेना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है. इसी वजह से रेस्टोरेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
क्या सर्विस चार्ज देना जरूरी है?
नहीं, सर्विस चार्ज देना जरूरी नहीं है. CCPA के अनुसार होटल या रेस्टोरेंट सर्विस चार्ज देने के लिए फोर्स नहीं कर सकते हैं. अगर बिल में ये चार्ज जोड़ा गया है और आप इसे नहीं देना चाहते तो रेस्टोरेंट से इसे हटाने की मांग कर सकते हैं. रेस्टोरेंट सिर्फ इसलिए आपको खाना देने से मना नहीं कर सकता क्योंकि आपने सर्विस चार्ज देने से इनकार किया है.
सर्विस चार्ज और GST में क्या अंतर है?
कई लोग सर्विस चार्ज और GST को एक ही समझ लेते हैं, जबकि ऐसा नहीं है. GST सरकार द्वारा लगाया गया टैक्स है, जिसे देना जरूरी होता है. सर्विस चार्ज रेस्टोरेंट लगाते हैं और ये ऑप्शनल होता है. इसे देना या न देना पूरी तरह ग्राहक की इच्छा पर निर्भर करता है.
अगर कोई रेस्टोरेंट आपकी बात नहीं मानता और जबरन सर्विस चार्ज वसूलता है तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं. इसके लिए नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर 1915 नंबर पर कॉल करें या फिर एनसीएच एप या वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत करें. इसके अलावा consumerhelpline.gov.in पर जाकर शिकायत कर सकते हैं.
रेस्टोरेंट का बिल ध्यान से देखें. अगर उसमें सर्विस चार्ज जुड़ा है और आप उसे नहीं देना चाहते, तो तुरंत हटाने के लिए कहें. बिल और भुगतान का बिल अपने पास जरूर रखें. यही डॉक्यूमेंट शिकायत के समय आपके काम आएंगे.

