धनबाद: धनबाद पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने एक साथी के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। छापेमारी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि हीरक रोड आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ स्थित एक बंद मकान के समीप दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों युवक भागने लगे। इसी दौरान एक युवक गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी पहचान मोनू कुमार यादव के रूप में हुई। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तलाशी में मिला अवैध हथियार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक लोडेड अवैध पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में KF 7.65 अंकित तीन जिंदा कारतूस भी मिले। बरामद हथियार पर “MADE IN USA” अंकित है। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोनू कुमार यादव वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और फरार आरोपी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

