मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर इलाके में एक युवक का शव बाइक पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बाइक पर युवक को संदिग्ध हालत में देखा। पास जाकर देखा तो उसके सिर से खून बह रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
पुलिस जांच कर रही है कि युवक के सिर पर चोट किसी नुकीली चीज से मारी गई है या उसे गोली लगी है। मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए हैं।
पुलिस छानबीन में मृतक की पहचान राकेश कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतीपुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद, चक्की भुरकुरवा ग्राम का रहने वाला था। उसके पिता का नाम फकुली भगत बताया गया है।
युवक अहियापुर इलाके में किस काम से आया था और उसकी हत्या किसके द्वारा की गई, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या के एंगल पर तहकीकात में जुटी है। रुपये की लेन-देन में हत्या की संभावना जताई जा रही है।
मृतक के सिर के जख्म ने पुलिस की गुत्थी को उलझा दिया
मृतक के सिर के जख्म ने पुलिस की गुत्थी को उलझा दिया है। सिर में आर-पार छिद्र (छेद) होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि हत्या की इस वारदात को किस हथियार से अंजाम दिया गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत छड़ जैसी किसी नुकीली वस्तु के आर-पार होने से हुई है या फिर सिर में गोली मारी गई है।
अहियापुर थाना के एसआई पिंकू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के लगे सीसी कैमरा की फुटेज को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि राकेश कुमार आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

