धनबाद: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार, संयुक्त सचिव-सह-तकनीकी शिक्षा निदेशक जॉर्ज कुमार तथा झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (JUT) के कुलपति प्रो. (डॉ.) डी. के. सिंह ने सोमवार को BIT सिंदरी का दौरा कर संस्थान की शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
आधारभूत संरचना और छात्र सुविधाओं का लिया जायजा
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिसर में चल रहे आधारभूत संरचना विकास कार्यों, आधुनिक प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, छात्र सुविधाओं तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने, छात्र सुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पांच वर्षों का विकास रोडमैप तैयार करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आधारभूत संरचना, शैक्षणिक उन्नयन, संकाय विकास, छात्र कल्याण तथा प्रशासनिक दक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य BIT सिंदरी को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग संस्थान के रूप में विकसित करना है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अगले पांच वर्षों का विस्तृत विकास रोडमैप तैयार करने को कहा तथा सभी डीनों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्थान के समग्र विकास के लिए सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
तकनीकी शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में होगा विकास
संयुक्त सचिव-सह-तकनीकी शिक्षा निदेशक जॉर्ज कुमार और JUT के कुलपति प्रो. (डॉ.) डी. के. सिंह ने भी संस्थान में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि BIT सिंदरी को तकनीकी शिक्षा के Centre of Excellence के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
निदेशक के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा संस्थान
इस अवसर पर डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि वर्तमान निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय के नेतृत्व में BIT सिंदरी निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि संस्थान को ऐसा उत्कृष्ट तकनीकी केंद्र बनाया जाए, जहां झारखंड के विद्यार्थियों को देश के अग्रणी इंजीनियरिंग संस्थानों के समकक्ष आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार की सुविधाएं उपलब्ध हों।
राज्य सरकार के इस दौरे को झारखंड में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने तथा BIT सिंदरी को राष्ट्रीय स्तर के अग्रणी इंजीनियरिंग संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

