पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन शक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोमवार (13 जुलाई) को वह पटना कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं।
नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही वीणा मानवी कलेक्ट्रेट कार्यालय से बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।
वीणा मानवी को पुलिस ने हिरासत में लिया
वीणा मानवी को पकड़ने के लिए पहले से ही पुलिस ने फील्डिंग लगाई थी। जैसे ही वीणा मानवी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर निकलीं, महिला पुलिस अधिकारी ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट पर हड़कंप सा मच गया। वीणा मानवी को किस मामले में हिरासत में लिया गया है? इसके बारे में पुलिस की ओर से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक मामला धोखाधड़ी से जुड़ा है। ये धोखाधड़ी का पुराना मामला है, जिसमें आज पुलिस ने वीणा मानवी को हिरासत में लिया है। तेज प्रताप ने इसे साजिश करार दिया है।
वीणा मानवी को झूठे मामले में फंसाने को कोशिश
इधर वीणा मानवी को हिरासत में लिए जाने पर तेज प्रताप यादव ने इसे साजिश करार दिया। जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप ने बयान जारी कर कहा कि हमारी पार्टी की प्रत्याशी वीणा मानवी के विरुद्ध नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर हमें गंभीर आपत्ति है। हमारा मानना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने और उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। अगर ऐसा हुआ है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं, तेज प्रताप यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जनशक्ति जनता दल, वीणा मानवी जी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है, और आवश्यकता पड़ने पर हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे। बांकीपुर विधानसभा की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है। हमें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी।

