बिहार के कटिहार से संदिग्ध गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

बिहार के कटिहार से संदिग्ध गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

बिहार के कटिहार जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तान से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क से संपर्क रखने का आरोप है।

गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद अहद के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में कटिहार पुलिस के साथ देश की कई सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर छापेमारी की।

मोहम्मद अहद गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था

जांच में आरोप है कि मोहम्मद अहद पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था. जांच एजेंसियों के अनुसार, राणा हुसैन का संबंध पाकिस्तानी आतंकी संगठन शहजाद भट्टी के नेटवर्क से बताया जा रहा है, जो भारत विरोधी गतिविधियों के लिए युवाओं को जोड़ने और साजिश रचने का प्रयास करता है.

जांच में यह भी आरोप है कि मोहम्मद अहद इस नेटवर्क के लिए लोकल लाइनर (स्थानीय सहयोगी) की भूमिका निभा रहा था. वह कथित तौर पर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत विरोधी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहा था. सुरक्षा एजेंसियां उसके डिजिटल नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच में जुटी हैं.

मोहम्मद अहद को न्यायालय में पेश किया गया

 मोहम्मद अहद को कड़ी सुरक्षा के बीच कटिहार व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

“आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. कई पहलुओं पर जांच जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.”– सुनील कुमार शर्मा, एसडीपीओ, सदर-2 कटिहार

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *