पटना में बंटी हत्याकांड: तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- विपक्ष के दबाव में मिला शव; CM सम्राट से पूछे कई सवाल

पटना में बंटी हत्याकांड: तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- विपक्ष के दबाव में मिला शव; CM सम्राट से पूछे कई सवाल

पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र के करबिगहिया से अपहृत किराना दुकानदार बंटी कुमार की हत्या के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण अपहृत युवक की जान चली गई।

तेजस्वी यादव ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 25 वर्षीय बंटी कुमार का 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास से अपहरण किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश करने के बजाय पीड़ित परिवार को ही डांट-फटकार लगाई। तेजस्वी ने कहा कि शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बंटी कुमार की पत्नी से मुलाकात की थी और उनसे उनकी फोन पर भी बातचीत हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के दबाव के बाद पुलिस ने पटना ग्रामीण के अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद क्षत-विक्षत शव की जानकारी परिजनों को दी।

सेक्स रैकेट को लेकर लगाए गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में करबिगहिया इलाके में कथित तौर पर संचालित सेक्स रैकेट का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि बंटी कुमार ने इस अवैध गतिविधि का विरोध किया था, जिसके बाद उनका अपहरण किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्स रैकेट चलाने वाले बेखौफ होकर राजनीतिक संरक्षण मिलने की बात कहते हैं।

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सवाल किया कि ऐसे अपराधियों और कथित सिंडिकेट के सरगना कौन हैं तथा उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पटना जंक्शन के आसपास अवैध गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने सरकार पर अपराधियों, शराब माफिया और देह व्यापार से जुड़े गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *