कनाडा के टोरंटो शहर में एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान अचानक गोलीबारी हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में पुलिस ने एक्टिव शूटर को लेकर चेतावनी जारी की, लेकिन कुछ समय बाद बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
टोरंटो पुलिस ने बताया कि सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंग्टन एवेन्यू के पास गोलीबारी के बाद 6 लोगों को गोली लगने के घाव मिले। वहां ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ फेस्टिवल चल रहा था।
जानकारी के मतुाबिक पुलिस ने बताया कि स्थिति सुरक्षित है। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा कि संदिग्ध या संदिग्धों को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। वहीं टोरंटो में लैटिनो-थीम वाले सांस्कृतिक उत्सव ‘साल्सा’ के पास वाले इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
फेस्टिवल में सामान बेचने वाली पैट्सी गुटिरेज ने बताया कि वह ग्राहकों को सामान दे रही थीं, तभी उन्होंने लोगों की एक बड़ी भीड़ को भागते हुए देखा। उन्होंने कहा, “हर कोई घबराने लगा और फिर हमने सामान देना बंद कर दिया। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के कार्यक्रमों में ऐसी घटना होनी चाहिए।”
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मैं ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ फेस्टिवल में हुई इस बेमतलब की हिंसा से बहुत दुखी हूं, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और अन्य घायल हो गए।” उन्होंने कहा, “मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।”
AP के अनुसार, यह फेस्टिवल लैटिनो-थीम वाला एक जश्न है, जिसमें लाइव लैटिन संगीत, डांस परफॉर्मेंस, खाना और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल होती हैं। इस साल यह फेस्टिवल का 22वां संस्करण था। टोरंटो के बीचों-बीच दुकानों और रेस्तरां से घिरे व्यस्त इलाके में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में आमतौर पर हजारों लोग आते हैं, जिससे यह गोलीबारी और भी चौंकाने वाली हो जाती है।

